मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में मिले अधजले शव के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा दी। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रताल श्मशान घाट में एक अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की पहचान सिसौली निवासी अंकुर के रूप में हुई। शुरुआती जांच में ही हत्या के बाद शव को जलाकर सबूत मिटाने की आशंका जताई गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल कर ली।


जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल लोग एक कार से क्षेत्र से बाहर निकलने की तैयारी में हैं। इसके बाद भोपा पुलिस ने सीकरी मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध आल्टो कार दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का संकेत देने पर कार सवार लोग वाहन छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।

पुलिस ने पहले आरोपियों को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान सन्नी नाम का आरोपी घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसके तीन साथी राजपाल सैनी, सुमित उर्फ अघोरी और मनमोहन को भी तलाशी अभियान के दौरान पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे दो लकड़ी के डंडे और एक आल्टो कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने अंकुर की हत्या करने और बाद में शव को जलाकर पहचान व सबूत मिटाने की कोशिश करने की बात स्वीकार की है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि अंकुर उनका परिचित था। घटना वाली रात सभी लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोपियों का दावा है कि नशे की हालत में अंकुर आक्रामक हो गया था और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।