मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में शुक्रवार को वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से बुक फेयर और कौशल विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर परिसर के बहुउद्देशीय हॉल में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वामा सारथी के नेतृत्व में आयोजन
इस कार्यक्रम का संचालन एसएसपी संजय कुमार वर्मा की पत्नी एवं वामा सारथी अध्यक्ष डॉ. नीलम राय तथा वामा सारथी की नोडल अधिकारी एवं एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में लगभग 400 प्रतिभागियों की मौजूदगी रही।

बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक बुक फेयर
बुक फेयर में बच्चों के लिए प्रेरणादायक, शिक्षाप्रद और रचनात्मक पुस्तकों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई। बच्चों ने उत्साह के साथ पुस्तकों का अवलोकन किया और अपनी रुचि के अनुसार किताबें खरीदीं।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करना, उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देना और उन्हें नवाचार एवं स्टार्टअप जैसी आधुनिक अवधारणाओं से परिचित कराना रहा।
कौशल विकास प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान वामा सारथी द्वारा संचालित सिलाई और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रदर्शनी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पुलिस परिवार की महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए वस्त्रों और हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया।
ब्यूटीशियन कोर्स से जुड़ी महिलाओं ने लाइव डेमो के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।
आत्मनिर्भरता पर जोर
आयोजकों ने बताया कि वामा सारथी का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और बच्चों को शिक्षा व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।