मुजफ्फरनगर स्थित डीएवी कॉलेज में आयोजित पुस्तक मेले को विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने स्थगित कर दिया। यह पूरा मामला उस समय तूल पकड़ गया जब निजी बुक सेलरों ने मेले में केवल एक अधिकृत विक्रेता को स्टॉल लगाने की अनुमति दिए जाने पर आपत्ति जताई।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज परिसर में लगाए गए पुस्तक मेले में एक ही नामित बुक सेलर को स्टॉल संचालित करने की अनुमति दी गई थी, जबकि अन्य निजी विक्रेताओं को शामिल नहीं किया गया। इसी बात को लेकर अन्य बुक सेलरों ने असंतोष जताया और मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

विरोध के दौरान एनसीईआरटी की किताबों के साथ-साथ निजी प्रकाशकों की किताबें भी बिक्री के लिए रखे जाने को लेकर भी सवाल उठाए गए। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच बहस और नोकझोंक बढ़ गई, जिससे मेले का माहौल तनावपूर्ण हो गया और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ती देख सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, तनाव कम न होने और विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पुस्तक मेले को स्थगित करने का निर्णय ले लिया।