मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के रथेड़ी गांव में शनिवार दोपहर एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। करीब 80 प्रतिशत तक झुलसी महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया।

पीड़िता की पहचान अमरीन के रूप में हुई है, जिसका निकाह करीब छह वर्ष पहले रथेड़ी निवासी शादाब से हुआ था। अमरीन के मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष अतिरिक्त 50 लाख रुपये की मांग कर रहा था और संतान न होने को लेकर भी उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।


परिवार के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर दो दिन पहले पंचायत भी हुई थी। आरोप है कि संतान न होने के कारण पति दूसरी शादी करना चाहता था, जिसको लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। इसी मुद्दे पर दोबारा पंचायत प्रस्तावित थी, लेकिन उससे पहले यह घटना हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर अमरीन के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नई मंडी क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। महिला पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस की एक टीम दिल्ली भी भेजी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।