मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम पावटी खुर्द में प्रस्तावित शराब के ठेके के विरोध में ग्रामीण महिलाओं का धरना शुक्रवार देर रात तक जारी रहा। महिलाएं लगातार धरनास्थल पर डटी रहीं और प्रशासन से ठेका निरस्त करने की मांग पर अड़ी रहीं।
ग्रामीणों का कहना है कि आबादी क्षेत्र के बीच शराब का ठेका खुलने से गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित होगा और इसका नकारात्मक असर खासकर युवाओं पर पड़ेगा।

किसान यूनियन का समर्थन
धरने की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के चरथावल ब्लॉक अध्यक्ष काला प्रधान चौकड़ा भी मौके पर पहुंचे और आंदोलनरत महिलाओं व ग्रामीणों को समर्थन दिया।
इसके बाद गांव के रविदास मंदिर में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी ने एकमत होकर निर्णय लिया कि जब तक प्रस्तावित शराब का ठेका गांव से हटाया नहीं जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
भूख हड़ताल की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज कर जबरन ठेका खोलने का प्रयास किया, तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे। उनका कहना है कि वे गांव के सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए हर स्तर तक संघर्ष करेंगे।

नेतृत्व और मांगें
धरने का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी मोनू त्यागी, अजीत सिंह प्रधान और आजाद समाज पार्टी के नेता मुरसलीन कर रहे हैं। सभी ने प्रशासन से प्रस्तावित शराब के ठेके को तुरंत निरस्त करने की मांग की है।