मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे शहर की खराब बिजली व्यवस्था को लेकर बिजली विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। यह मामला भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती के बीच सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो शुक्रवार शाम का बताया जा रहा है, लेकिन सोशल मीडिया पर आने के बाद यह रविवार को चर्चा का प्रमुख विषय बन गया। वीडियो में मंत्री की प्रतिक्रिया को लेकर आम लोगों में भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।


शिव चौक पर खड़े होकर किया फोन पर सवाल

वीडियो में मंत्री कपिलदेव अग्रवाल मुजफ्फरनगर के शिव चौक के पास खड़े होकर बिजली विभाग के अधिकारी से बात करते दिख रहे हैं। वे बिजली आपूर्ति बाधित होने पर नाराजगी जताते हुए पूछते हैं कि सुबह से बिजली क्यों नहीं है और विभाग की टीम क्या कर रही है।

मंत्री को यह भी कहते सुना जा सकता है कि जनता लगातार जनप्रतिनिधियों से सवाल कर रही है, जिससे स्थिति को संभालना मुश्किल हो रहा है।

तत्काल सुधार के दिए निर्देश

फोन पर बातचीत के दौरान मंत्री ने बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल करने और व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिलना जरूरी है और विभाग को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी चाहिए।


लगातार बिजली कटौती से जनता परेशान

मुजफ्फरनगर में पिछले कई दिनों से शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। कहीं घोषित तो कहीं अघोषित कटौती के कारण लोग घंटों बिजली संकट का सामना कर रहे हैं।

इस वजह से कई इलाकों में पेयजल की समस्या भी सामने आने लगी है, जबकि स्थानीय लोग लगातार प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जता रहे हैं।