मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में अवैध और नियमविरुद्ध संचालित अस्पतालों एवं अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान मीरापुर क्षेत्र स्थित अथर्व हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर को नियमों के उल्लंघन पर सील कर दिया गया। वहीं अपना हॉस्पिटल और अनुलोक हॉस्पिटल को खामियां पाए जाने पर नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के आदेश पर पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) नोडल अधिकारी डॉ. विपिन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि अथर्व हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर बेसमेंट में संचालित किया जा रहा था, जो निर्धारित मानकों के खिलाफ है। इसी कारण सेंटर को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संबंधित अस्पताल को नियमों के अनुरूप स्थान परिवर्तन और सभी मानकों को पूरा करने के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।

इसके बाद टीम ने मदीना चौक बझेड़ी रोड स्थित अपना हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जहां दस्तावेजों और व्यवस्थाओं में कई कमियां पाई गईं। इस पर अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
वहीं कच्ची सड़क स्थित अनुलोक हॉस्पिटल में भी निरीक्षण किया गया, जहां अल्ट्रासाउंड सेंटर, एमटीपी और आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अभिलेखों सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने स्पष्ट किया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मानकों के विपरीत चल रहे संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।