मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन और उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण द्विवेदी ने शनिवार को पुरकाजी क्षेत्र स्थित भूराहेड़ी चेक पोस्ट का निरीक्षण किया।

यह चेक पोस्ट उत्तराखंड-मुजफ्फरनगर सीमा पर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 का प्रमुख प्रवेश बिंदु है, जहां से कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जिले में प्रवेश करते हैं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, संचार व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त और सक्रिय होनी चाहिए।


पुलिस अधीक्षक नगर ने सीमा पर सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए और इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल दी जाए।


इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान हो सके और यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

एसपी सिटी ने यह भी निर्देश दिए कि चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाए। सीसीटीवी मॉनिटरिंग के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाए और सुरक्षा व यातायात व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए।