मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब रविवार शाम से लापता 55 वर्षीय किसान का शव सोमवार देर शाम ककरौली थाना क्षेत्र के एक खेत से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रविवार शाम से थे लापता

जानकारी के अनुसार, संभलहेड़ा गांव निवासी चरण सिंह (55), पुत्र रघुबीर पाल, रविवार शाम करीब छह बजे अपने खेत पर गए थे। लेकिन देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।


खेत में मिला शव

सोमवार शाम ककरौली थाना क्षेत्र के एक खेत में ग्रामीणों को एक शव दिखाई दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे लोगों ने मृतक की पहचान चरण सिंह के रूप में की। खेत मालिक ने तुरंत परिजनों और पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही ककरौली और मीरापुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां एकत्र हो गए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।