मुजफ्फरनगर में सड़कों पर मॉडिफाइड थार के जरिए रौब दिखाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न, हूटर और जोरदार म्यूजिक के साथ सड़क पर फर्राटा भर रही काली थार को पुलिस ने पीछा कर रोक लिया और कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के बाननगर रेलवे फाटक के पास की है। गुरुवार शाम करीब 8 बजे रोहाना चौकी इंचार्ज मोहित कुमार टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली नंबर प्लेट वाली एक काली थार तेज म्यूजिक और हूटर बजाते हुए वहां से गुजरी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी।
इसके बाद पुलिस ने भी तुरंत पीछा शुरू किया और कुछ दूरी पर घेराबंदी कर थार को रोक लिया। वाहन की जांच के दौरान पुलिस टीम भी हैरान रह गई, क्योंकि गाड़ी को पूरी तरह अलग अंदाज में मॉडिफाई किया गया था।
थार में हाई पावर म्यूजिक सिस्टम, प्रेशर हॉर्न और हूटर लगाए गए थे। इसके अलावा वाहन को बाहरी रूप से इस तरह बदला गया था कि वह एक ऑफ-रोड स्टाइल रग्ड जीप जैसा दिखे। यहां तक कि गाड़ी में एक बेलचा भी लगाया गया था, जिससे उसका लुक और ज्यादा आक्रामक नजर आता था।

पुलिस पूछताछ में चालक की पहचान दीदाहेड़ी निवासी जावेद के रूप में हुई। नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत करीब 23 हजार रुपये का चालान किया और थार को मौके पर ही सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद युवक को वाहन छोड़कर पैदल ही लौटना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर अवैध मॉडिफिकेशन, हूटर और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी।