मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर रविवार शाम पुलिस ने यातायात नियमों को लेकर सख्ती दिखाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान करीब तीन घंटे तक, शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक जारी रहा, जिसमें मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट, ट्रिपलिंग करने वाले, बिना नंबर प्लेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की। मौके पर कई वाहनों के चालान काटे गए और चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
शिव चौक स्थित आबकारी पुलिस चौकी इंचार्ज शशि कपूर के नेतृत्व में टीम ने विशेष रूप से मॉडिफाइड बाइकों और तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कई ऐसी बाइकों को सीज किया गया जिनमें अवैध साइलेंसर या अत्यधिक शोर करने वाले हॉर्न लगे हुए थे।

अभियान में महिला पुलिसकर्मियों की टीम भी शामिल रही, जिन्होंने स्कूटी सवार महिलाओं और छात्राओं की जांच की। इस दौरान उन्हें हेलमेट पहनने, ट्रिपलिंग से बचने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार को करीब 15 दोपहिया वाहनों के चालान किए गए। इससे पहले शनिवार को भी 26 वाहनों पर कार्रवाई की गई थी। अधिकारियों ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।