मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुमन विहार मोहल्ले में कमला नेहरू वाटिका तक नया रास्ता खोले जाने के प्रस्ताव का स्थानीय निवासियों ने विरोध किया है। गुरुवार को मोहल्लेवासियों ने इस संबंध में नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की सुरक्षा और सामाजिक माहौल को ध्यान में रखते हुए किसी भी नए मार्ग की अनुमति न देने की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकुलर रोड पर लेखा स्वीट्स के सामने से एनसीसी रोड होते हुए पहले से ही कमला नेहरू वाटिका की पूर्वी दीवार तक एक रास्ता मौजूद है। इसके आगे कोई सार्वजनिक मार्ग नहीं है। आरोप है कि कुछ लोग वाटिका की दीवार को तोड़कर एक नया रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे सुमन विहार सीधे जीटी रोड के पार स्थित खालापार क्षेत्र से जुड़ जाएगा।


मोहल्लेवासियों ने चिंता जताई है कि यदि नया मार्ग खुलता है तो बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ जाएगी, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उनका कहना है कि पहले भी क्षेत्र में चोरी जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद कुछ रास्तों को बंद करने की आवश्यकता पड़ी थी। ऐसे में नया रास्ता खोलना स्थानीय लोगों के लिए असुविधा और खतरे का कारण बन सकता है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया है कि कमला नेहरू वाटिका में प्रवेश के लिए जल निगम कार्यालय के सामने पहले से एक गेट मौजूद है, जिसे नगर पालिका निर्धारित समय पर खोला और बंद किया जाता है। ऐसे में निवासियों का मानना है कि नए रास्ते की कोई आवश्यकता नहीं है।

अंत में, मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि किसी भी निर्णय से पहले क्षेत्र की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और स्थानीय लोगों की भावनाओं को प्राथमिकता दी जाए।