मुजफ्फरनगर में आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार शाम मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने खुद शहर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ एसएसपी संजय कुमार वर्मा सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहर के संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और स्थानीय लोगों से बातचीत कर माहौल की जानकारी ली।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम खालापार, शिव चौक, फक्करशाह चौक, मीनाक्षी चौक, शामली स्टैंड, ईदगाह, रोडवेज बस स्टैंड, हनुमान चौक और झांसी की रानी क्षेत्र समेत कई भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरी। अधिकारियों ने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और धर्मगुरुओं से संवाद कर त्योहार को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईद के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे समेत कई अधिकारी और भारी पुलिस बल शामिल रहा। दंगा नियंत्रण उपकरणों और वज्र वाहनों के साथ पुलिस बल की मौजूदगी ने साफ संकेत दिया कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
एडीजी भानु भास्कर और एसएसपी संजय वर्मा ने शिव चौक स्थित भगवान शिव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने ईदगाह जाकर धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। शहर भर में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।