मुजफ्फरनगर की पॉश कॉलोनी श्री हरि वृंदावन सिटी में रविवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी डील को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला कथित भाजपा नेता और भारतीय किसान यूनियन (चौधरी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्य प्रताप राणा से जुड़ा बताया जा रहा है। उन पर एक परिवार ने लाखों रुपये लेने के बाद भी मकान का कब्जा न देने, धमकी देने और महिलाओं के साथ अभद्रता कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, बच्चन सिंह कॉलोनी निवासी राजेंद्र सिंह ने जनवरी 2026 में श्री हरि वृंदावन सिटी स्थित 331 गज के मकान का सौदा सूर्य प्रताप राणा से किया था। यह डील लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये में तय हुई थी। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि वे अब तक बड़ी राशि का भुगतान कर चुके हैं और मकान के तीन हिस्सों का बैनामा भी पूरा हो चुका है, जबकि एक हिस्सा अभी लंबित है।


परिवार का यह भी आरोप है कि संबंधित मकान पर पहले से करीब 27 लाख रुपये का बैंक लोन भी चल रहा है, जिसकी जानकारी बाद में सामने आई। इसी बीच रविवार को विवाद उस समय बढ़ गया जब राजेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ मकान की सफाई कराने पहुंचे।

आरोप है कि इसी दौरान सूर्य प्रताप राणा की ओर से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और महिलाओं के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कॉलोनी में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

सूचना मिलने पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि आरोपी खुद को राजनीतिक पद और प्रभावशाली पहचान का हवाला देकर दबाव बनाते हैं और कब्जे की मांग करने पर धमकी देते हैं।

वहीं दूसरी ओर सूर्य प्रताप राणा ने महिलाओं के साथ अभद्रता और धमकी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि मकान के एवज में उनके पास करीब एक करोड़ रुपये की राशि पहुंच चुकी है। उनका कहना है कि विवाद की वजह कुछ चेक बाउंस होना है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।