मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने पड़ोस में रहने वाले एक मौलाना पर छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में कार्रवाई न होने से परेशान पीड़िता ने सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता का कहना है कि उसका पति रोजाना काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता है। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला, जो एक मदरसे से जुड़ा बताया जा रहा है, मौलाना उस पर गलत नजर रखता था और लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की।
उसका यह भी कहना है कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसे परेशान करता रहा और कई बार जबरन घर में खींचकर गलत हरकत करने की कोशिश भी कर चुका है।

मामले को और गंभीर बताते हुए पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा स्टेटस भी डाला, जिसमें लिखा था—“आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल।” इस पोस्ट के बाद से परिवार में डर का माहौल और बढ़ गया है।
पीड़िता का कहना है कि उसने पहले स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी से नाराज होकर वह SSP कार्यालय पहुंची और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।