उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 150 फीट नीचे खेत में जा गिरी। इस दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर पर दोपहर करीब तीन बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि क्रेटा कार में सवार पांच दोस्त गुरुग्राम से उत्तराखंड की ओर जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर नीचे खेत में गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तीन युवकों की मौत, दो घायल
हादसे में गुरुग्राम के रहने वाले सागर, हिमांशु और यश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गुरुग्राम निवासी वरुण और मेरठ के खरखौदा निवासी सुशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।