मुजफ्फरनगर में मंगलवार को मौसम का मिजाज पूरे दिन बदलता रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बारिश की संभावना बनी रही, लेकिन दोपहर तक बादल हटने लगे और तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। इससे लगने लगा कि शायद बारिश नहीं होगी।

शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 5:30 बजे आसमान में फिर से काले बादल घिर आए और कुछ ही देर में जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बिजली भी चमकती रही।
ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि की खबरें भी सामने आई हैं। खासकर तितावी थाना क्षेत्र के बाघरा इलाके में बारिश के साथ ओले गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि ओलावृष्टि के चलते फसलों को नुकसान की आशंका बनी हुई है।
फिलहाल आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है और कुछ क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।