रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र के छिछोरा गांव में 19 मार्च को किसान सुरेश पटेल की मौत के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, हालांकि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसको लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

बुधवार को सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल मृतक किसान सुरेश पटेल के घर पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर मृतक की पत्नी फूलमती को ढांढस बंधाया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

गिरफ्तारी न होने पर विधायक ने जताई नाराजगी

परिवार से बातचीत के दौरान जब यह सामने आया कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, तो विधायक ने इस पर गंभीर आपत्ति जताई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार से फोन पर बात की और गिरफ्तारी में देरी को लेकर सवाल उठाए।

विधायक ने एसपी से पूछा कि पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई है। इस पर एसपी ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।

फोन पर हुई तीखी बातचीत

बताया गया कि बातचीत के दौरान विधायक ने यह भी कहा कि मामले में क्रॉस एफआईआर और नाबालिगों के नाम दर्ज किए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि जब मामला गंभीर धाराओं में दर्ज है, तो गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है।

एसपी ने जवाब में कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी, जिसके बाद उन्होंने फोन कॉल समाप्त कर दिया।

इसके बाद विधायक ने दोबारा संपर्क कर चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वह एसपी कार्यालय पहुंचकर इस मामले को उठाएंगी।

परिवार को दिया आश्वासन

पल्लवी पटेल ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि अगर तय समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वह इस मुद्दे को लेकर सीधे पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेंगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।