मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट में चल रहे धरने के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। धरने पर बैठी महिलाओं के बीच पहुंचीं कांग्रेस नेत्री रीना शर्मा को पुलिस ने वहां से हटने के लिए कहा, जिसके बाद स्थिति गरमा गई।

नौचंदी थाना प्रभारी अनूप सिंह ने कांग्रेस नेत्री से कहा कि धरना केवल प्रभावित लोगों तक सीमित रहना चाहिए और इसे राजनीतिक गतिविधि का रूप नहीं दिया जाना चाहिए। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही।

धरना स्थल पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और रंजन शर्मा भी मौजूद थे। उनकी पुलिस अधिकारियों से भी बहस हुई। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन स्थल पर सिर्फ पीड़ित लोगों को ही बैठने की अनुमति है ताकि आंदोलन शांतिपूर्ण बना रहे।

गौरतलब है कि शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में दुकानों की सीलिंग और अवैध निर्माण के विरोध में स्थानीय लोग और महिलाएं लंबे समय से धरना दे रही हैं। इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी मौके पर पहुंच रहे हैं, जिससे वहां का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है।