दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब टैक्सीिंग के दौरान दो अलग-अलग एयरलाइंस के विमानों के बीच हल्की टक्कर जैसी स्थिति बन गई। इस घटना में स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट का बी737-700 विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, इसी दौरान उसका दाहिना विंगलेट पास में मौजूद दूसरे विमान से टकरा गया। इस टक्कर से दूसरे विमान के पिछले हिस्से (लेफ्ट हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर) को भी क्षति पहुंची। घटना के बाद दोनों विमानों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

वहीं दूसरी ओर, 16 अप्रैल 2026 को दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP 1406 को उड़ान भरने से पहले ही परिचालन कारणों के चलते वापस बे (Bay) पर लाया गया। इसी दौरान विमान के पास एक अन्य एयरलाइन के विमान के संपर्क में आने जैसी स्थिति बनी, जिससे उसे भी नुकसान हुआ।

अकासा एयर की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि घटना के दौरान सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित रहे। यात्रियों को तुरंत विमान से उतार लिया गया और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। एयरलाइन ने आगे बताया कि प्रभावित यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है।