यूपी में नि:शुल्क और अनिवार्य शिक्षा के तहत आरटीई (RTE) योजना के अंतर्गत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए सोमवार से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार बेसिक शिक्षा विभाग ने अधिक सीटों पर बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए रणनीति में बदलाव किया है और आवेदन की दैनिक निगरानी भी करने का निर्णय लिया है।

इस वर्ष आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहला चरण 2 से 16 फरवरी तक चलेगा, और इसी दौरान आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें लॉक किया जाएगा। विभाग ने कहा कि प्रत्येक दिन आने वाले आवेदन और उनके सत्यापन की समीक्षा मुख्यालय द्वारा की जाएगी। जिन जिलों में आवेदन की संख्या अपेक्षाकृत कम होगी, वहां अधिकारियों से सीधे संपर्क कर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विशेष जागरूकता और संपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

समग्र शिक्षा के उप निदेशक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि इस बार सत्यापन के लिए समय कम है, इसलिए आवेदन के साथ ही उनका सत्यापन भी लगातार किया जाएगा। जिन आवेदनों में कोई त्रुटि पाई जाएगी, उन्हें सैंपल के रूप में दिखाकर सही करवाने की व्यवस्था होगी, ताकि केवल मामूली खामियों के कारण आवेदन निरस्त न हों।

उन्होंने यह भी बताया कि जिला स्तर पर बच्चों के अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को इसके बारे में जागरूक किया जा रहा है। विभाग का लक्ष्य इस बार ज्यादा से ज्यादा बच्चों का प्रवेश और उनकी सही तरीके से नामांकन सुनिश्चित करना है।