चमोली: नगर क्षेत्र के नजदीक ग्वीलों गांव के चीड़ के जंगलों में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और फायर सर्विस की टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे आसपास के आवासीय भवनों को नुकसान पहुंचने से बचाया जा सका।
जंगल में आग फैलते ही स्थानीय लोग चिंतित हो गए और अफरा-तफरी मच गई। आग आवासीय क्षेत्र की ओर बढ़ रही थी, जिस पर ग्रामीणों ने प्रशासन और अग्निशमन विभाग को तुरंत सूचित किया। इसके बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।
अग्निशमन गोपेश्वर और अलकनंदा वन प्रभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दोनों विभागों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। नपा सभासद दीपक बिष्ट ने कहा कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
अलकनंदा वन प्रभाग के रेंज अधिकारी डबल सिंह खाती ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल पहुंची और फायर सर्विस को भी सूचित किया गया। उनके अनुसार, दोनों टीमों के संयुक्त प्रयास से आग पर समय रहते काबू पाया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बचा जा सका।