यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े आतंकी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे टेलीग्राम, सिग्नल और इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से संपर्क रखकर भारत में आतंकी घटनाओं की योजना बना रहा था। गिरोह का मुख्य सरगना साकिब उर्फ फैजल, मेरठ का रहने वाला और पेशे से नाई बताया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी देश के संवेदनशील स्थलों, रेलवे सिग्नल बॉक्स, वाहनों और राजनीतिक व्यक्तियों की रेकी कर पाकिस्तान भेजते थे। इसके अलावा गैस सिलेंडर और ट्रकों में आग लगाकर दहशत फैलाने की भी योजना थी। आरोपियों ने कुछ जगहों पर छोटी आगजनी की घटनाएं अंजाम दी और उनके वीडियो शेयर करके क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे भी प्राप्त किए।

एटीएस को सूचना मिली थी कि 2 अप्रैल 2026 को लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास किसी बड़े हमले की योजना बनाई गई है। टीम ने इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए साकिब, विकास, लोकेश और अरबाब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ज्वलनशील पदार्थ, सात मोबाइल फोन, पर्चे और आधार कार्ड बरामद किए। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।