अयोध्या। जेट फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में 1 अप्रैल से बढ़ोतरी के बाद अयोध्या एयरपोर्ट से उड़ने वाली फ्लाइटों के किराए में इजाफा हो गया है। एयरलाइंस कंपनियों ने फ्यूल सरचार्ज लागू कर दिया है, जिससे हवाई यात्रा अब यात्रियों के लिए और महंगी हो गई है।

एटीएफ की कीमत में करीब 8.5% की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद जेट फ्यूल की कीमत 96,638 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़कर 1,04,927 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, अयोध्या एयरपोर्ट पर प्रतिमाह लगभग 1,500 किलोलीटर जेट फ्यूल की खपत होती है। प्रतिदिन औसतन 400 किलोलीटर की खपत दर्ज की जाती है।

अयोध्या से उड़ान भरने वाली एयरलाइंस

अयोध्या एयरपोर्ट से वर्तमान में इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर की उड़ानें संचालित हो रही हैं। ये फ्लाइटें दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु और हैदराबाद के रूट पर चलती हैं। जेट फ्यूल महंगा होने के बाद इन एयरलाइंस ने टिकट पर फ्यूल सरचार्ज लागू कर दिया है।

इंडिगो ने घरेलू उड़ानों पर दूरी के अनुसार 425 रुपये से 2,300 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज लगाया है। अयोध्या से दिल्ली की दूरी लगभग 500-600 किमी है, इस रूट पर लगभग 275 से 400 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं मुंबई और बेंगलुरु रूट पर 800 से 950 रुपये तक का अतिरिक्त सरचार्ज लागू है।

यात्रियों की जेब पर बढ़ा बोझ

अब अयोध्या से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में लगभग 800 से 1,500 रुपये अधिक खर्च करने होंगे। वहीं मुंबई या बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को एक टिकट पर 1,200 से 2,200 रुपये तक अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है।

आज का अयोध्या से फ्लाइट किराया (वेबसाइट अनुसार)

रूटपुराना किराया (रुपए)नया किराया (रुपए)
दिल्ली2,500 - 3,5004,282 - 5,950
मुंबई5,000 - 6,0006,500 - 8,483
बेंगलुरु6,000 - 7,0007,404 - 11,862
अहमदाबाद4,500 - 5,5005,937 - 9,312
हैदराबाद5,000 - 6,0008,072 - 11,439

एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में जेट फ्यूल की कीमत में और बदलाव होने पर एयरलाइंस किराए में और वृद्धि कर सकती हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने हवाई सफर की योजना पहले से बना लें।