रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष को लेकर भले ही समाधान की कोशिशें चल रही हों, लेकिन यह संकट कितना लंबा चलेगा, यह कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि भारत के जहाज अगर होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजर पा रहे हैं, तो इसका बड़ा कारण भारत के अमेरिका और ईरान—दोनों के साथ संतुलित और मजबूत संबंध हैं।
रविवार को शहर के एक स्कूल परिसर में आयोजित पार्टी के वरिष्ठ जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से बात की। रक्षा मंत्री ने कहा कि एक तरफ अमेरिका-इस्राइल और दूसरी तरफ ईरान के बीच तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं, लेकिन ऐसे कठिन समय में भारत ने बेहद समझदारी और संतुलित कूटनीति का परिचय दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय संकट के बावजूद भारत में एलपीजी और पेट्रोल जैसी आवश्यक आपूर्ति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है, जबकि कई अन्य देशों में स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। कुछ लोगों ने भ्रम फैलाने की कोशिश जरूर की, लेकिन देश की स्थिति स्थिर बनी रही। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की साख लगातार बढ़ी है, जिसका श्रेय जनता के सहयोग और प्रधानमंत्री की सक्रिय भूमिका को जाता है।
लखनऊ के बारे में बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि इस शहर से उनका विशेष जुड़ाव है और यहां आकर हमेशा अपनापन महसूस होता है। उन्होंने बीते वर्षों में लखनऊ में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रगति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संभव हुई है।