शामली। शनिवार दोपहर को कोतवाली के पीछे खंडहर में जब्त की गई शराब को नष्ट करने के दौरान अचानक आग लग गई, जिससे दो पुलिसकर्मी और दो चौकीदार झुलस गए। घटना के बाद झिंझाना थाना परिसर और आसपास का इलाका हड़कंप मच गया। घायलों को तुरंत प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम ऊन संदीप कुमार त्रिपाठी, सीओ कैराना हेमंत कुमार, थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना और आबकारी विभाग की टीम की मौजूदगी में 59 मुकदमों में पकड़ी गई अवैध शराब को कोर्ट के आदेशानुसार नष्ट किया जा रहा था। इसी दौरान गोदाम का निरीक्षण करते समय झिंझाना के चौकीदार नवाब ने बीड़ी जलाकर माचिस की तिल्ली फेंक दी, जो पास रखी शराब से टकराकर आग का कारण बन गई।
आग में हेड कांस्टेबल जोनी, हेड कांस्टेबल ललित, चौकीदार नवाब और जेसीबी ऑपरेटर सुनील झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि आग का कारण बीड़ी और माचिस की तिल्ली थी। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि घटना की पूरी जांच कराई जा रही है और चारों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।