शामली। गांधी चौक स्थित एक दुकान के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गुरुवार को अचानक उग्र हो गया। व्यापारी पक्ष और भैरव मंदिर मठ समिति के सदस्यों के बीच हुई झड़प में दोनों ओर से मारपीट हुई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। हालात को देखते हुए पुलिस ने विवादित दुकान को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि गांधी चौक पर एक कपड़े की दुकान रेणु भारद्वाज के नाम दर्ज है, जिसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोपहर के समय मठ समिति से जुड़े राघवनाथ और सागरनाथ अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान को मंदिर की संपत्ति बताते हुए बंद शटर खोलने का प्रयास किया।
इसका दुकान से जुड़े लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद कहासुनी तेजी से झगड़े में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हाथापाई शुरू हो गई।
व्यापारी पक्ष का आरोप है कि विरोध के दौरान उन पर धारदार हथियारों से हमला किया गया और दुकान के अंदर रखा सामान व नकदी भी ले ली गई। इस घटना में मुदित भारद्वाज, प्रभात और रोहन समेत कई लोग घायल हो गए। वहीं दूसरी ओर, मठ समिति ने भी अपने सदस्यों के घायल होने और उन पर हमले का आरोप लगाया है।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुकान के स्वामित्व को लेकर मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में टकराव हुआ। एहतियात के तौर पर पुलिस ने दुकान को सील कर दिया है और पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।