रुड़की। शहर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। काम कर रहे एक मिस्त्री को बाहर बुलाकर बाइक सवार हमलावरों ने अचानक देशी तमंचे से गोली चला दी। हालांकि मिस्त्री बाल-बाल बच गया और बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के बिझौली गांव निवासी गुलशेर रुड़की में बादशाह होटल के पास एक मकान में टाइल्स लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान एक युवक ने उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया, पहले से मौजूद दो युवकों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी।

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ दुकानों में घुसकर छिप गए। मौके पर दहशत का माहौल बन गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आसिफ, साकिब, जस्सी उर्फ सावेज और वसीम उर्फ टुन्नू के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच नगला इमरती क्षेत्र में काम को लेकर विवाद चल रहा था।

इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।

इधर, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी तमंचे से फायरिंग करते और बाद में बाइक से फरार होते दिखाई दे रहे हैं।