बरेली। जिले में बुधवार को आई तेज आंधी ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया। भमोरा क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां टिनशेड के साथ एक व्यक्ति करीब 50 फीट तक हवा में उठ गया और फिर नीचे खेत में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस ने भी पुष्टि की है।

टिनशेड के साथ हवा में उड़े नन्हे अंसारी

भमोरा थाना क्षेत्र के बबियाना गांव निवासी नन्हे अंसारी ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि वह गांव के एक बरातघर में टेंट का सामान लेकर पहुंचे थे, तभी अचानक तेज आंधी शुरू हो गई।

आंधी के कारण बरातघर का टिनशेड उखड़ने लगा, जिसे रोकने के लिए नन्हे अंसारी और कुछ अन्य लोग प्रयास करने लगे।

रस्सी के साथ फंस गए और हवा में उठ गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नन्हे अंसारी ने टिनशेड से बंधी रस्सी को अपने हाथ में लपेट लिया था। इसी दौरान तेज हवा का दबाव इतना बढ़ गया कि टिनशेड उनके साथ ही ऊपर उठ गया।

कुछ ही पलों में वह करीब 50 फीट तक हवा में चले गए और फिर रस्सी छूटने के बाद पास के मक्का के खेत में गिर पड़े। हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

अस्पताल में इलाज, घर लौटे पीड़ित

परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके हाथ पर प्लास्टर किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और वह अब घर पर हैं।

नन्हे अंसारी ने बताया कि उन्हें हवा की तीव्रता का अंदाजा नहीं था और यह घटना उनके लिए पूरी तरह अप्रत्याशित थी।

वीडियो वायरल, इलाके में चर्चा

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें आंधी की भयावहता साफ देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रशासन के अनुसार, बुधवार की आंधी में जिले के कई हिस्सों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की भी सूचना है, जिससे व्यापक नुकसान हुआ है।