लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को दुबई जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को अंतिम समय पर तकनीकी खामी के कारण रद्द करना पड़ा। अचानक आई इस बाधा से यात्रियों में नाराज़गी और असमंजस का माहौल देखने को मिला।
यह विमान (IX-193) लखनऊ से सुबह 8:45 बजे रवाना होकर दुबई में 11:35 बजे उतरने वाला था। यात्रियों की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी और करीब 160 यात्री विमान में सवार हो चुके थे। विमान का इंजन स्टार्ट कर दिया गया था और टेकऑफ की तैयारी लगभग पूरी थी, लेकिन तभी पायलट को तकनीकी गड़बड़ी की आशंका हुई। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलट ने विमान को उड़ान के लिए असुरक्षित बताते हुए टेकऑफ से इनकार कर दिया।
तकनीकी टीम ने की कोशिशें, उड़ान रद्द
इंजन संबंधी संभावित दिक्कत की जानकारी मिलते ही इंजीनियरों की टीम को विमान की जांच में लगाया गया। कई प्रयासों के बावजूद समस्या को समय पर हल नहीं किया जा सका, जिसके चलते उड़ान रद्द करने का निर्णय लिया गया।
यात्रियों को मिला आश्वासन और वैकल्पिक व्यवस्था
फ्लाइट रद्द होने से असंतुष्ट यात्रियों को एयरलाइन प्रबंधन ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया। सूत्रों के अनुसार, कुछ यात्रियों को होटल में ठहराया गया है और उन्हें अन्य फ्लाइट से दुबई भेजने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, जिनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था संभव नहीं हो सकी, उन्हें किराया वापस किया गया है।
एयरपोर्ट सूत्रों ने यह भी बताया कि यदि पायलट समय रहते तकनीकी खामी को न भांपते, तो गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती। शाम तक इंजीनियरों की टीम विमान की समस्या को दुरुस्त करने में जुटी रही।