कर्नाटक के कोडागु जिले में स्थित एक होमस्टे में अमेरिकी महिला के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसे नशीला पेय देकर बेहोश किया गया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में होमस्टे मालिक और एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
कर्मचारी पर गंभीर आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी की पहचान वृजेश कुमार के रूप में हुई है, जो झारखंड का रहने वाला है और होमस्टे में कार्यरत था। आरोप है कि उसने महिला को नशीला पदार्थ मिला पेय दिया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। यह घटना कोडागु जिले के कुट्टा गांव स्थित एक होमस्टे में हुई बताई जा रही है।
घटना छिपाने की कोशिश का भी आरोप
मामले में होमस्टे मालिक पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि घटना को छिपाने के लिए तीन दिनों तक परिसर का वाई-फाई बंद रखा गया, ताकि पीड़िता किसी से संपर्क न कर सके।
बाद में वाई-फाई चालू होने पर महिला किसी तरह मैसूर पहुंची और वहां से अमेरिकी दूतावास को घटना की जानकारी दी। दूतावास ने तुरंत मैसूर पुलिस को ईमेल के जरिए सूचित किया, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में
कोडागु के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, विदेशी महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। होमस्टे मालिक और कर्मचारी दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।