भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत कदवा थाना क्षेत्र के खैरपुर कदवा स्थित पूर्व टोला वार्ड संख्या-3 में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। शौचालय के सेप्टिक टैंक की मरम्मत के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
काम के दौरान हादसा, एक-एक कर गिरे मजदूर
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे ज्वाला यादव के घर पर हुई। बताया जा रहा है कि शौचालय टैंक की सेटिंग के दौरान मजदूर अंदर उतरे थे, तभी टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण तीनों मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
चौथे व्यक्ति ने मचाया शोर, ग्रामीणों ने निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब चौथे व्यक्ति ने हालात बिगड़ते देखे तो उसने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दीवार तोड़कर तीनों मजदूरों को बाहर निकाला और नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- बम-बम मंडल (पिता: अक्षय लाल मंडल)
- जननदन मंडल (पिता: पुरण मंडल)
- श्रीलाल मंडल (पिता: स्वर्गीय कल्लर मंडल)
तीनों कदवा थाना क्षेत्र के लछमिनिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रशासन मौके पर, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही कदवा थाना और नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अस्पताल में उमड़ी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अनुमंडल अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए, जहां माहौल बेहद गमगीन हो गया। नवगछिया बीडीओ और जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल ने भी अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी। प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।