उत्तर प्रदेश विधानसभा का आगामी बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलेगा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बुधवार को सत्र का प्रारूपिक कार्यक्रम अनंतिम रूप में मंजूर कर दिया। अब इस पर अंतिम स्वीकृति कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में दी जाएगी। इस सत्र में 11 फरवरी को प्रदेश सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट दोनों सदनों में प्रस्तुत करेगी।
कार्यक्रम के अनुसार, सत्र का उद्घाटन 9 फरवरी को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगा, जिसमें विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही कुछ अध्यादेश और विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे।
10 फरवरी को सदन में निधन के निर्देश पढ़े जाएंगे। इसमें विशेष रूप से बरेली के फरीदपुर से भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल और सोनभद्र के दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित रहेगी।
अगले दिन वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना विधानसभा में बजट पेश करेंगे। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी, जो शुक्रवार तक जारी रहेगी। शनिवार और रविवार को सदन अवकाश रहेगा।
सत्र के अंतिम चरण में 16 से 20 फरवरी तक बजट पर व्यापक चर्चा होगी। अंतिम दिन सदन स्थगित होने से पहले उत्तर प्रदेश विनियोग विधेयक को पारित कराया जाएगा।