देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने तैयारियों को तेज कर दिया है। विभाग ने यात्रा पर जाने वाले व्यावसायिक सवारी वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया 23 मार्च से शुरू करने का निर्णय लिया है।

एआरटीओ कार्यालय में 23 मार्च को सुबह 11 बजे से ग्रीन कार्ड जारी करने का कार्य विधिवत रूप से शुरू होगा। एआरटीओ रावत सिंह कटारिया ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर चलने वाले सभी व्यावसायिक सवारी वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ग्रीन कार्ड के किसी भी वाहन को यात्रा मार्ग पर चलाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन स्वामी और चालक 23 मार्च से सभी कार्य दिवसों में अपने वाहनों का निरीक्षण करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें आवश्यक वैध दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा ताकि उन्हें ग्रीन कार्ड जारी किया जा सके।

एआरटीओ कटारिया ने यात्रियों और वाहन मालिकों से अपील की कि समय पर ग्रीन कार्ड प्राप्त कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।