मथुरा: मंगलवार रात साढ़े 12 बजे रिफाइनरी पुलिस ने बरेली हाईवे के पास कोयला अलीपुर गांव के समीप मुठभेड़ में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, चाकू और बाइक भी बरामद की।
घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिफाइनरी पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर किस्म के हैं और उनके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ की कहानी
रिफाइनरी के सीओ अनिल कुमार कपरवान ने बताया कि मंगलवार रात रिफाइनरी थाना प्रभारी अजय कौशल संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास कर रहे थे। तभी आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में संजू उर्फ डेंजर (धाना तेजा, थाना रिफाइनरी) के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी गौरव मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपी पहले से फरार
सीओ ने बताया कि ये दोनों आरोपी चार मार्च को कांशीराम कॉलोनी में हुई फायरिंग की घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के साथ ही उनके कब्जे से हथियार और बाइक बरामद कर ली है।