जमीन विवाद में भिड़े दो पक्ष, पुलिस पर भी किया पथराव; दो सिपाही घायल

मेरठ। जानीखुर्द क्षेत्र के गांव जानी कलां में जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने पथराव कर दिया, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शाहिद अमीन और ननवा पक्ष के बीच भूमि विवाद लंबे समय से चल रहा है। कुछ दिन पहले तहसील प्रशासन की मदद से अमीन पक्ष ने विवादित भूमि पर कब्जा कर लिया था। उस समय पुलिस की मौजूदगी के कारण विरोध करने वाले ननवा पक्ष को पीछे हटना पड़ा था।

शुक्रवार को जब शाहिद अमीन पक्ष द्वारा कब्जाई गई भूमि पर मिट्टी डाली जा रही थी, तभी ननवा पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई, जो बाद में पथराव और लाठी-डंडों की मारपीट में तब्दील हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस के दो सिपाही मौके पर पहुंचे और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान एक पक्ष ने उन पर भी हमला बोल दिया, जिससे दोनों जवान घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी महेश राठौर की अगुवाई में अतिरिक्त फोर्स के पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए।

सीओ सरधना संजय कुमार जयसवाल ने बताया कि घटना की सूचना की पुष्टि की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here