लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक पूरा परिवार खत्म हो गया। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्ला फार्म तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया, जिससे पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार की बड़ी बेटी इस हादसे में बच गई, क्योंकि वह पीछे चल रही दूसरी बाइक पर सवार थी।

अजगैन कस्बा निवासी वीरेंद्र (35) अपनी पत्नी रीतू (33), नौ वर्षीय बेटी अनुराधा और छह साल के बेटे रुद्र के साथ लखनऊ के बंथरा इलाके के दयालखेड़ा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। उनकी बड़ी बेटी नैंसी (15) रिश्तेदार रंजीत की बाइक पर बैठकर पीछे आ रही थी।

रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जब वीरेंद्र भल्ला फार्म चौराहे के पास पहुंचे तो उन्होंने पीछे आ रहे साढ़ू को न देखकर बाइक रोक दी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने आगे चल रहे कंटेनर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर सड़क पर पलट गया। घबराया ट्रक चालक वाहन को संभाल नहीं पाया और अनियंत्रित ट्रक सीधे खड़े बाइक सवार परिवार पर चढ़ गया।

हादसे में वीरेंद्र, उनकी पत्नी और दोनों छोटे बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नैंसी दूसरी बाइक पर होने के कारण सुरक्षित बच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सड़क से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।