मनाली। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली में रविवार को अचानक हुई तेज बर्फबारी के कारण साउथ पोर्टल के पास करीब एक हजार से अधिक वाहन बर्फ में फंस गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस की टीमें पिछले कई घंटों से घटनास्थल पर तैनात हैं और वाहनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।
डीएसपी स्वयं कर रहे निगरानी
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वह खुद पुलिस दल के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी पर्यटकों और वाहन चालकों को सुरक्षित मनाली की ओर निकालना है।
बर्फ हटाने के लिए एजेंसियों की मदद
पुलिस ने सीमा सड़क संगठन (BRO) और अन्य संबंधित विभागों से भी सहायता मांगी है। सड़कों पर जमी बर्फ को हटाने के लिए मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही बर्फ पर मिट्टी और जरूरत पड़ने पर यूरिया डालकर सड़क को साफ करने की कोशिश की जा रही है, ताकि फंसे हुए वाहनों को निकालना आसान हो सके।
लोगों से धैर्य रखने की अपील
डीएसपी ने यात्रियों और पर्यटकों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे हैं और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।