लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने होली के अवसर पर यात्रियों की सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। राज्य परिवहन विभाग के अनुसार, 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसें चलेंगी, ताकि यात्रा का दबाव कम किया जा सके। साथ ही, इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को 3,600 से 4,500 रुपये तक का प्रोत्साहन राशि मिलेगा।
अनुबंधित बस कर्मचारियों को अवकाश नहीं
प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि दिल्ली और गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से यात्रा का दबाव सबसे अधिक रहता है। इसके मद्देनजर इन क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में बसें और चालक पहले से तैनात रहेंगे। यदि प्रारंभिक प्वाइंट से 60% से अधिक यात्री लोड मिलता है, तो अन्य क्षेत्रों में भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि निगम की सभी बसें ऑनरोड रहें और अनुबंधित बस कर्मचारियों को पर्व के दौरान अवकाश न दिया जाए। वाहन मालिक समय से बसों की मरम्मत कर उन्हें संचालन के लिए उपलब्ध कराएं।
सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान
परिवहन विभाग ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। बसों और स्टेशनों में ड्यूटी पर रहने वाले प्रवर्तन दल, चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट करेंगे। सभी बसों की तकनीकी स्थिति, सीटें, खिड़कियों के शीशे और फायर सेफ्टी उपकरण जांचे जाएंगे। साथ ही स्टेशनों और बसों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना
पर्व के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले चालकों और परिचालकों को प्रति दिन 360 रुपये के हिसाब से 3,600 रुपये और निर्धारित मानक पूरे करने पर 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 4,500 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। निर्धारित से अधिक किलोमीटर पर अतिरिक्त 55 पैसे प्रति किलोमीटर का मानदेय मिलेगा। डिपो और क्षेत्रीय कार्यशालाओं में तैनात कर्मचारी भी लगातार 10 दिन ड्यूटी पर रहने पर 2,100 रुपये और 9 दिन ड्यूटी पर 1,800 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्राप्त करेंगे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अतिरिक्त सम्मान
अत्यधिक प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को क्षेत्रीय समिति की सिफारिश पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सर्वाधिक आय प्राप्त करने वाले तीन क्षेत्रीय प्रबंधक और 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।