उत्तर प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। इस साल बेसिक शिक्षा विभाग ने कुछ बदलाव किए हैं। इसके तहत मंडल मुख्यालय वाले 18 जिलों में दो-दो विषयों के पेपर अब मुख्यालय पर तैयार करवाए जाएंगे।
इस बदलाव के चलते कक्षा पांच और कक्षा आठ की दो-दो विषयों की परीक्षा, जो 17, 18 और 20 मार्च को होने वाली थी, अब 24 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इसमें कक्षा पांच की गणित और सामाजिक विज्ञान तथा कक्षा आठ की गणित और विज्ञान विषय शामिल हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के उप-निर्देशक (प्राइमरी) ने निर्देश दिए हैं कि आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, बस्ती, चित्रकूट, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर और वाराणसी को छोड़कर शेष जिलों में परीक्षाएं पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।