वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण योजना को लेकर सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। नगर विकास विभाग ने 21 भवनों को ध्वस्त करने के लिए चिह्नित किया था। कार्रवाई की शुरुआत सुबह एसीपी दशाश्वमेध ने पुलिस फोर्स को ब्रीफिंग देने के बाद की। भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों के बीच ध्वस्त करने का काम शुरू हुआ।

कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार ने विरोध स्वरूप पेट्रोल फेंककर अपनी दुकान में आग लगाने की कोशिश की और खुद को भी आग के हवाले करने की चेतावनी दी। इससे अफरातफरी का माहौल बन गया और पुलिस तथा सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो गए। आसपास के लोगों की बड़ी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए पीछे हटने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारी

दालमंडी में कार्रवाई से पहले एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने पुलिस फोर्स को गाइड किया। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान विरोध और उग्र गतिविधि की संभावना है, इसलिए मानसिक रूप से तैयार रहना आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों को चेतावनी दी कि बिना डंडा और भारी सुरक्षा उपकरण के कार्रवाई में शामिल न हों।

चौक थाना क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके और कार्रवाई सुरक्षित ढंग से संपन्न हो।