बदायूं में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाएं गिनाने के साथ विपक्ष पर निशाना भी साधा। सपा को डूबता हुआ जहाज बताते हुए उन्होंने कहा कि सपा गुंडों को पुष्पित-पल्लवित करती है। वह तो डिरेल्ड हो चुकी है। आपसी कलह से जूझ रही है। एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी का नाम लिए बगैर बोले कि उनके बारे में क्या बोले, वह तो आटा भी लीटर में नापते हैं।

डिप्टी सीएम गुरुवार दोपहर भाजपा जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा गुंडों और माफिया की पार्टी है। सपा ने हमेशा प्लॉट, मकान दुकानों पर कब्जे ही किए हैं। हमने उन्हें 2014, 2017 और 2019 में परास्त किया है। यूपी में 35 साल के बाद 2022 में भाजपा की दोबारा सरकार बनी है।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के जिक्र पर डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष के बारे में हमें कुछ नहीं कहना। विपक्ष डिरेल्ड हो चुका है। बिना नाम लिए राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह आटा भी लीटर में माप रहे हैं। उनके बारे में हम क्या बोलें। 2024 में मोदी के नेतृत्व में फिर से केंद्र में प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। बिजली कटौती की समस्या पर बोले कि 2017 से पहले प्रदेश के चार जिलों में वीआईपी बिजली सप्लाई मिलती थी, लेकिन अब यूपी के 75 जिलों में बिजली सप्लाई मिल रही है।

अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी पर उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में मात्र 13 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब हर जिले में मेडिकल कॉलेज है। अगले आठ साल में हमारे पास पर्याप्त डॉक्टर होंगे। एनएचएम के तहत हजारों डॉक्टरों की नियुक्ति की है। डिप्टी सीएम ने व्यवस्थाओं में सुधार का दावा किया।आगे बोले, वह पूरी जिम्मेदारी से कह रहे हैं कि व्यवस्थाओं में सुधार देखने को मिलेगा। सुधार के लिए ही जनपद स्तर पर समीक्षा बैठकें हो रही हैं। फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने और कोरोना का बिना टीका लगे मोबाइल पर मैसेज आने को लेकर भी उन्होंने सफाई दी। मेडिकल कॉलेज में हर माह हो रही लाखों रुपये की ऑक्सीजन खरीद मामले का भी डिप्टी सीएम ने संज्ञान लिया।