भगवान श्रीकृष्ण और उनकी पत्नी सत्यभामा के जीवन प्रसंगों पर आधारित फिल्म “कृष्णावतारम” को उत्तर प्रदेश सरकार ने टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है। यह घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोकभवन में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के बाद की।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण और कई जनप्रतिनिधियों ने मिलकर फिल्म का प्रदर्शन देखा।

प्रदेशभर में फिल्म दिखाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग को निर्देश दिए कि इस फिल्म को राज्य के सभी जिलों में प्रदर्शित किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण और सत्यभामा के जीवन से जुड़ी कथाओं और मूल्यों की जानकारी मिल सके।

संस्कृति और परंपरा पर आधारित फिल्म

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत “वृंदावन बिहारी लाल की जय” और “भारत माता की जय” के नारों से की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय संस्कृति, परंपरा और पौराणिक इतिहास को आधुनिक प्रस्तुति के साथ जोड़ती है।

उन्होंने विशेष रूप से बताया कि फिल्म में सत्यभामा का किरदार निभाने वाली कलाकार का नाम भी ‘संस्कृति’ है, जिसने अपने अभिनय से भूमिका को प्रभावशाली बनाया है।

कलाकारों की सराहना और सम्मान

सीएम योगी ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों और निर्माताओं की प्रशंसा की और मंच पर उनका सम्मान भी किया। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

राज्यपाल ने क्या कहा

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित फिल्मों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी रचनाएं समाज में मूल्यों और संस्कृति को मजबूत करती हैं।

मौजूद रहे कई गणमान्य लोग

इस अवसर पर विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।