केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर, देवप्रयाग के योग विज्ञान के छात्र उदय शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देवप्रयाग और अपने गृह जनपद अमरोहा का नाम उजागर किया है। 'विकसित भारत' स्पर्धा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उदय शर्मा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्मानित किया। समारोह के दौरान उदय ने रक्षा मंत्री के साथ सहभोज में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुनकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत किया।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के मुबारिकपुर खुर्द निवासी उदय शर्मा वर्तमान में योग विज्ञान के द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। उन्होंने पहले राज्य स्तरीय स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिसके बाद उन्हें नेशनल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
इस राष्ट्रीय मंच पर शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सुधार जैसे गंभीर विषयों पर आयोजित परिचर्चा में उदय शर्मा ने नशा निवारण के लिए ‘डिजिटल लिकर कार्ड’ का व्यावहारिक सुझाव पेश किया। उन्होंने कहा कि शराब की बिक्री का डिजिटल रिकॉर्ड अनिवार्य होने से नाबालिगों को इस सामाजिक बुराई से सुरक्षित रखा जा सकेगा। उनके इस प्रस्ताव की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वायुसेना प्रमुख एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह ने खुले दिल से सराहना की।
उदय शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि एक साधारण किसान परिवार से उठकर राष्ट्रीय मंच तक पहुँचना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों के मार्गदर्शन, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की आधुनिक सुविधाओं और मित्रों की प्रेरणा को दिया।
श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने भी उदय को बधाई दी और कहा कि उनकी मेहनत और अटूट संकल्प ही उन्हें इस मुकाम तक ले गया। उदय की इस सफलता से पूरे परिसर और क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल बना हुआ है।