देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मॉर्निंग वॉक कर रहे एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे दो कार सवार युवकों के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर को गोली लग गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल ब्रिगेडियर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल घटना में शामिल वाहनों और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर लिया है और संभावित आरोपियों की तलाश में सघन अभियान चलाया जा रहा है। आसपास के इलाकों में भी नाकेबंदी कर दी गई है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।