देहरादून। दिव्यांशु हत्याकांड में फरार 11 आरोपियों में से सात पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। साथ ही इन आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया है। इस बीच पीड़ित परिवार दून कूच की तैयारी कर रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की खोज में देहरादून से कई टीमों को बिहार और दिल्ली भेजा गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने रविवार को कहा कि ऋतिक राज, शांतनु कुमार, उज्वल सिंह, अंकुर, आदित्यराज, विनीत राज और प्रहलाद राज के लिए इनाम घोषित किया गया है। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एसएसपी ने आगे कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन और तलाशी अभियान लगातार जारी है। इनाम और गैर जमानती वारंट का मकसद यह है कि अपराधी जल्द से जल्द कानून के कटघरे में आएं।