देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने अपने विवादित बयान को लेकर सार्वजनिक माफी मांगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की महिलाओं के संबंध में उनकी कही बातों को विपक्ष ने तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया।
गिरधारी लाल साहू ने बताया कि वे सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट क्षेत्र में आयोजित माताओं, बहनों और बुजुर्गों के स्वागत समारोह में मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल के निमंत्रण पर गए थे। समारोह के दौरान अपने संबोधन में उन्होंने बिहार की महिलाओं के लिए सम्मान व्यक्त किया, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इसे राजनीतिक लाभ के लिए तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि वे प्रदेश और देश की बेटियों को देवी के समान सम्मान देते हैं और बरेली में हर साल 101 गरीब बेटियों की शादी का आयोजन करते हैं। उनके अनुसार, देश की सभी बहन-बेटियां उनकी बहन-बेटियों की तरह हैं।
गिरधारी लाल साहू ने स्पष्ट किया कि अगर उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुँची हो या किसी को बुरा लगा हो, तो वे सभी से हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं।