देहरादून: एक पुरानी कार डीलर से टेस्ट ड्राइव के नाम पर कार लेकर एक दंपती फरार हो जाने का मामला सामने आया है। यह घटना 26 मई की बताई जा रही है, जिसके बाद कार मालिक की शिकायत पर पटेलनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कार मालिक दिलनवाज ने अपनी पुरानी कार को बेचने के लिए शाह नवाज द्वारा संचालित स्टार्क कार रेंटल सेंटर पर रखा था। उनका आरोप है कि प्रकाश और उसकी पत्नी नेहा वहां पहुंचे और कार खरीदने की बात कहकर टेस्ट ड्राइव के लिए वाहन ले गए।
टेस्ट ड्राइव के बाद नहीं लौटे दंपती
शिकायत के मुताबिक, दंपती तय समय पर कार लेकर वापस नहीं आए। काफी देर तक इंतजार करने और संपर्क करने की कोशिश के बावजूद दोनों से कोई संपर्क नहीं हो सका और न ही कार का पता चल पाया।
इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस आरोपी दंपती की तलाश के साथ-साथ कार की बरामदगी के प्रयास कर रही है।