देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में लूट की घटना के बाद बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जंगल में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से मारा गया, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, तीन बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देकर जंगल की ओर भागे थे। पुलिस टीम लगातार उनका पीछा कर रही थी। जैसे ही पुलिस नजदीक पहुंची, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला।
इस दौरान चली गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लग गई, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया। उसकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि मृत आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
वहीं, दो अन्य बदमाश घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस ने पूरे इलाके में सघन कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है। क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और आसपास के सभी रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि घटना के बाद पूरे इलाके को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों और जंगल क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं ताकि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।