नेपाल एयरलाइंस एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई है, जिसमें भारत के जम्मू-कश्मीर क्षेत्र को गलत तरीके से पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई और मामला तेजी से तूल पकड़ गया।

जानकारी के अनुसार, एयरलाइंस द्वारा साझा किए गए एक फ्लाइट नेटवर्क मैप में पूरे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र को पाकिस्तान के साथ जोड़कर दिखाया गया था। इसे लेकर कई भारतीय यूजर्स ने नाराजगी जताई और इसे भारत की क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ बताया।

विवाद बढ़ने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट को लेकर जमकर विरोध देखने को मिला। #NepalAirlines जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे और यूजर्स ने इसे गंभीर गलती और आपत्तिजनक कदम करार दिया। बढ़ते विरोध के बाद नेपाल एयरलाइंस ने संबंधित पोस्ट को हटा दिया।

इस मामले पर भोजपुरी फिल्म अभिनेता खेसारी लाल यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि किस आधार पर एयरलाइंस ने ऐसा मैप साझा किया, जिसमें जम्मू-कश्मीर को गलत तरीके से दर्शाया गया। उन्होंने इसे जानबूझकर किया गया कदम बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।

वहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भारत सरकार से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से मजबूत आर्थिक और सामाजिक संबंध रहे हैं, ऐसे में इस तरह की गलती या कदम दोनों देशों के रिश्तों पर असर डाल सकता है।